मां भगवती ने तीर से किया अहंकारी महिषासुर का अंत
बिजयनगर। प्रमुख शक्ति पीठ बाड़ी माता परम धाम पर शुक्रवार को अहंकारी महिषासुर दहन के साथ धूमधाम से मेला भरा। मेले में नगर सहित आसपास के गांवों से सैकड़ों की तादात में मेलार्थियों ने भाग लेकर लिया। बाड़ी माता मन्दिर ट्रस्ट के तत्वावधान में शुक्रवार को मेला आयोजन के दौरान बाड़ी माता की प्रतिमा का विशेष श्रृंगार किया गया।समूचे मन्दिर में फूलों व रंग बिरगी रोशनी से विशेष सजावट की गई। सांयकाल महाकाली, माता लक्ष्मी एवं माता सरस्वती की शोभायात्रा मन्दिर से बैण्डबाजों के साथ प्रारंभ होकर मेला स्थल पर पहुंची।
इस दौरान केन्द्रीय कृषिराज्य भागीरथ चौधरी, मसूदा विधायक वीरेन्द्र सिंह कानावत, पालिकाध्यक्ष अनीता मेवाड़ा, भाजपा मंडल अध्यक्ष अनिल बोहरा की मौजूदगी में अहंकारी महिषासुर ने आंखें टिमटिमाते हुए व हाथों में तलवार लहराकर तथा मुंह से आग से अगारे बरसाकर हा हा कार मचाया।
तत्पश्चात माता ने तीर चलाकर अहंकारी महिषासुर का दहन किया गया। कुछ ही पलों में महिषासुर का पुतला धू-धू कर जल उठा। इसके पश्चात कुशल कारीगरों ने आसमान में सुन्दर आतिशबाजी प्रस्तुत की जिससे समूचा गगन पटाखों की आवाज से गूंज उठा। मेलार्थी आसमान में रंग बिरंगे और टिमटिमाते सितारों को देखकर दांतों तले अंगुली दबा बैठे। इस अवसर पर मन्दिर परिसर में कड़ी मेला कमेटी की ओर से विभिन्न देवताओं के जीवन पर आधारित सुन्दर झांकी दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया। मेले में बिजयनगर, गुलाबपुरा, सथाना, बाड़ी बरल द्वितीय, पूर्व जालिया द्वितीय, आसन, सुतीखेड़ा, सिगावल, भगवानपुरा, हनुतिया सहित आसपास के गांवों ने मेले में आकर मन्दिर टाई में विराजित बाड़ी माता की प्रतिमा सहित अन्य देव प्रतिमाओं के दर्शन किए। विशेष पूजा अर्चना कर प्रसाद चढ़ाकर माताजी के प्रति श्रद्वा प्रकट की।

इसके पश्चात मेले में विभिन्न प्रकार के आसमान झूले, डोलर, चकरी सहित अन्य मनोरंजक साधनों व विविध प्रकार की खाद्य स्टालों का भरपूर आनन्द लिया। मेले में कानून व शान्ति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बिजयनगर थाना प्रभारी करण सिंह खंगारोत मय जाब्ता तैनात रहे। मन्दिर मेला कमेटी की ओर से मेला स्थल पर भी भव्य रोशनी व साज सज्जा की गई। बाड़ी माता मन्दिर ट्रस्ट सदस्या कृष्णा टांक ने अतिथियों व सभी मेलार्थियों के प्रति आभार प्रकट किया।.
केन्द्रीय मंत्री चौधरी व विधायक कानावत ने बाड़ी माता के दर्शन किए

केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी व मसूदा विधायक वीरेन्द्र सिंह कानावत ने शुक्रवार को शक्ति पीठ बाड़ी माता के दर्शन कर क्षेत्र में खुशहाली की कामना की। साथ ही मेला स्थल पर विभिन्न शिक्षण संस्थाओं की ओर से सजाई गई झांकियों का अवलोकन किया। इस दौरान पालिका अध्यक्ष अनिता मेवाड़ा, पूर्व पालिका अध्यक्ष इन्द्रजीत मेवाड़ा, रामगढ़ मंडल अध्यक्ष प्रभूलाल चौधरी, मसूदा भाजपा मण्डल योगेन्द्र सिंह, बिजयनगर मण्डल अध्यक्ष अनिल बोहरा, रामदेव पाण्डया, प्रद्युम्न व्यास, सुरेश प्रजापत, लाभचन्द, नारतमल सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।